VENHF logo-mobile

http://www.jagran.com/uttar-pradesh/sonbhadra-11898125.html

Publish Date:Sun, 21 Dec 2014 07:43 PM (IST) | Updated Date:Sun, 21 Dec 2014 07:43 PM (IST)

pictureदुद्धी (सोनभद्र) : जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह शनिवार की देर शाम अचानक अमवार में रुकने की इच्छा जताई। अति नक्सल प्रभावित व विस्थापन समस्या से जूझ रहे क्षेत्र में डीएम के सपत्‍‌नीक रात्रि विश्राम के फैसले ने प्रशासनिक अधिकारियों की नींद उड़ा दी। बहरहाल आनन-फानन में कनहर फील्ड हॉस्टल में उनके रुकने की व्यवस्था बनी। रविवार की सुबह ने वहां जश्न का रूप ले लिया। करमा, शैला के साथ डूब क्षेत्र के ग्रामीणों ने आला अधिकारियों के साथ बिरहा का लुत्फ लिया।

रविवार को अमवार फील्ड हॉस्टल में जुटे डूब क्षेत्र के ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि कनहर परियोजना का निर्माण कार्य पूर्ण होकर रहेगा। विस्थापित परिवार की तीन पीढ़ी के लोगों को विस्थापन नीति का लाभ दिया जा रहा है, जो पूरे देश में कहीं नहीं है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि इसके अलावा वे अपने सुझाव हम तक अवश्य पहुंचाएं। इस पर विचार कर उन्हें और अधिक लाभ देने का हर संभव प्रयास किया जा सके। उन्होंने लोगों को बताया कि एक रिहन्द बांध की वजह अनपरा, शक्तिनगर, पिपरी, बीजपुर व रेणुकूट जैसे शहर आबाद हुए हैं। इसी तरह कनहर सिंचाई परियोजना पूर्ण होने के बाद इस इलाके की भी तस्वीर उससे कहीं और अधिक अच्छी हो जाएगी। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि परियोजना के खिलाफ चंद लोग भोले-भाले ग्रामीणों को गुमराह कर रहे हैं। ऐसे लोगों पर प्रशासन की नजर है। यदि उन्हें किसी बात की शिकायत हो तो वे सीधे उनसे संवाद करें और रास्ता निकालने का प्रयास कर राष्ट्र के विकास में हाथ बंटाएं।

इसके पूर्व डूब क्षेत्र के सादिक हुसैन ने भी लोगों से परियोजना निर्माण में सहयोग करने की अपील की। उप जिलाधिकारी अभय कुमार पांडेय ने जिलाधिकारी समेत अन्य अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए परियोजना से होने वाले लाभों की बावत विस्तार पूर्वक जानकारी दी। इस मौके पर तहसीलदार दिनेश कुमार मिश्रा, अतिरिक्त तहसीलदार जितेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार पवन सिंह, कोतवाल कपिलदेव यादव आदि उपस्थित थे।


Inventory of Traditional/Medicinal Plants in Mirzapur